Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, हादसा औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के समीप जंगेशु मार्ग पर हुआ। मृत युवक की पहचान 26 वर्षीय अभिनव पुत्र हरीश निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब चंडीगढ़ के चार युवक कार में सवार होकर जंगेशु मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और पुलिस को सूचित किया। इस हादसे में कार सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, सूचना मिलते ही परवाणू पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल युवकों की पहचान विशाल (23) पुत्र छोटे लाल, नरेश (32) पुत्र जोधराम और वसार (26) पुत्र इस्लाम के रूप में हुई है। सभी युवक चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।












