श्रीरेणुकाजी में जलाल पुल से छलांग लगाकर व्यक्ति ने दी जान, मानसिक रूप से था परेशानी
जलाल पुल के नीचे मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में ददाहु के समीप रविवार रात को जलाल पुल से एक व्यक्ति ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 वर्षीय थाना कसौगा पंचायत के पलयाडी निवासी 38 वर्षीय रामेश्वर के रूप में हुई है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह नशे का सेवन भी करता था। सोमवार सुबह जब कुछ स्थानीय लोग मौके से गुजर रहे थे, तो उन्होंने जलाल पुल के नीचे एक व्यक्ति को गिरा हुआ देखा। जिसकी सूचना श्रीरेणुकाजी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच में जुट गई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। घटना की पुष्टि जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने करते हुए बताया कि मामले में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।










