सोलन में सनसनी! 21 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस ने तोड़ा कमरे का दरवाजा तो उड़ गए होश

Khabron wala 

सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के मानपुरा थाना के अंतर्गत खेड़ा स्थित एक निजी धागा कंपनी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 21 वर्षीय महिला कामगार की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कमरे के भीतर मृत अवस्था में मिली महिला

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान झारखंड निवासी कांति देवी (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कांति देवी अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ कंपनी परिसर के कमरे में रहती थी। शाम के समय कांति की रूममेट खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गई थी। जब वह वापस लौटी, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाजें देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका को देखते हुए इसकी सूचना तुरंत अन्य कामगारों और कंपनी प्रबंधन को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानपुरा पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो कांति देवी कमरे के भीतर मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। परिजनों के बद्दी पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना भेज दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!