Khabron wala
हिमाचल प्रदेश की बेटियां अपनी प्रतिभा के दम पर लगातार प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में घुमारवीं उपमंडल के पलसोटी गांव की होनहार बेटी ज्योति शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन से न केवल अपने क्षेत्र का बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। ज्योति का चयन प्रतिष्ठित ऑल इंडिया एम्स नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए हुआ है।
ज्योति शर्मा ने इस अत्यंत कठिन और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देशभर में 22वां रैंक हासिल किया है। वहीं, अगर राज्य स्तर की बात करें तो उन्होंने हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है।
उनकी इस शानदार सफलता पर उनका परिवार फूला नहीं समा रहा है। ज्योति के पिता प्यारे लाल वर्तमान में जिला सत्र न्यायालय में सीनियर असिस्टेंट के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी माता कंचन देवी एक गृहिणी हैं। पारिवारिक सदस्यों ने इस खुशी के मौके पर बताया कि ज्योति बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में बेहद होनहार और मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रता दिखाई और उसी कठिन परिश्रम व अटूट समर्पण का नतीजा है कि आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
होनहार बेटी की इस शानदार कामयाबी की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पलसोटी सहित पूरे घुमारवीं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ज्योति के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके परिवार, रिश्तेदारों और समस्त ग्रामवासियों ने बेटी की इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










