Solan: 150 फुट गहरी खाई में गिरी कार, 24 वर्षीय युवती की मौत, 4 गंभीर घायल

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। कंडाघाट के साधुपुल के समीप (दोची में) एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट नीचे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक पुरुष और तीन महिलाओं सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कार सवार सभी लोग शिमला जिले के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी 5 लोग शिमला जिले के कोटी गांव के निवासी हैं। मंगलवार सुबह यह सभी लोग कार से चायल से सोलन की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार कंडाघाट के साधुपुल स्थित दोची के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में लुढ़क गई। कार करीब 150 फुट नीचे जाकर गिरी, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसा इतना भयंकर था कि कार गिरने की जोर से आवाज आई। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर भागे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गहरी खाई में उतरकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। साथ ही, घटना की सूचना 108 एंबुलैंस और स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलैंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत कंडाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सोलन अस्पताल रैफर कर दिया है। मृतक युवती की पहचान पूजा पुत्री तोता राम के रूप में की गई है जबकि घायलों की पहचान तोता राम, कौशल्या, सुनिता और निर्मला के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!