ADVERTISEMENT

बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो अफीम डोडे के साथ तस्कर गिरफ्तार

Khabron wala 

हिमाचल को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा महाअभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. बद्दी पुलिस ने 400 किलो अफीम डोडे की भारी खेप बरामद की है. बद्दी पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है.

20 प्लास्टिक बोरों से अफीम बरामद

डीएसपी बद्दी योगराज ने बताया कि पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ के वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के पास एक गाड़ी रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से कुल 400 किलो अफीम डोडे बरामद किए गए. पुलिस की टीम ने तुरंत अफीम डोडे को कब्जे में लेकर गाड़ी के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान राकेश कुमार, निवासी गांव मनलोग खुर्द, जिला सोलन के रूप में हुई है.

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

“बद्दी पुलिस द्वारा अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है. नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.” – योगराज, डीएसपी बद्दी

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *