ADVERTISEMENT

होटल के कमरे में पुलिस की दबिश…7 पुड़ियाें में मिला चिट्टा, 4 युवक गिरफ्तार

Khabron wala

मंडी जिला के तहत जोगिंद्रनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपना शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने शहर के एक होटल में दबिश देकर 2.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस की टीम रात के समय इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि शहर के होटल के कमरा नंबर-6 में कुछ लाेग ठहरे हुए हैं और वे कथित तौर पर चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत त्वरित कार्रवाई की और होटल के उक्त कमरे में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि कमरे में 4 युवक मौजूद थे। जब कमरे की गहनता से तलाशी ली गई, तो वहां से 7 छोटी पुड़ियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 2.40 ग्राम चिट्टा मौजूद था।

चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने चारों युवकों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल (25) पुत्र अरुण कुमार निवासी खदर (तहसील लडभड़ोल), विवेक (23) पुत्र अरुण कुमार निवासी खदर, सुनील कुमार (30) पुत्र चमारू राम निवासी ढूग (डाकघर कोलग) और देशराज (38) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी बलोहल (डाकघर सैंथल) के रूप में हुई है।

जोगिंद्रनगर पुलिस द्वारा इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीद कर लाए थे, इसे किसे बेचा जाना था और इस नैटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!