Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिले की मसरूंड पंचायत में अपनी बेटी के घर गए एक बुजुर्ग की मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद राम पुत्र मुसदी राम निवासी गांव कडोह, डाकघर कंदला के रूप में हुई है। इस आकस्मिक हादसे के बाद परिवार में और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुजुर्ग चंद राम पिछले कुछ दिनों से मसरूंड पंचायत में अपनी बेटी के घर मेहमान बनकर गए हुए थे। शुक्रवार सुबह के समय वह घर की छत (लैंटर) पर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह सीधे नीचे जमीन पर आ गिरे। बुजुर्ग के लैंटर से नीचे गिरने की जोर से आवाज सुनकर बेटी और परिवार के अन्य सदस्य घबराकर तुरंत बाहर दौड़े। उन्होंने चंद राम को गंभीर अवस्था में उठाया और पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद चंद राम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना चम्बा की एक टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शोक संतप्त परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय किन परिस्थितियों में बुजुर्ग का पैर फिसला। पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने आरंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई है। एसपी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।










