Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण गाड़ियों की आवाजाही के लिए 150 से ज़्यादा सड़कें बंद कर दी गईं। शिमला मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश का ‘येलो अर्लट’ जारी किया है।
मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को केवल कांगड़ा जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार (22 अगस्त) को कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अर्लट’ जारी किया है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (SEOC) के मुताबिक, गुरुवार शाम तक लगभग 22 ट्रांसफॉर्मर और 79 पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी बाधित हुई हैं। बारिश के कारण कुल 156 सड़कें बंद हैं। मंडी में सबसे ज़्यादा 54 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 43 सड़कें बंद हैं, इसके बाद चंबा में 10, सिरमौर में सात, शिमला, कांगड़ा और ऊना में छह-छह, लाहौल और स्पीति में तीन और हमीरपुर जिले में एक सड़क बंद है। बुधवार शाम से पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। नालागढ़ में 50 मिमी, ब्राह्मणी में 49.2 मिमी, नैना देवी में 36.8 मिमी, पांडा में 31.6 मिमी और मलरांव में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई।
शिमला मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 26 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून को मॉनसून की शुरुआत के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में 88 लोगों की मौत हुई है और राज्य को 1108 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।









