आईआईएम सिरमौर (IIM SIRMAUR) के धौलाकुआं कैंपस स्थित नए कैंपस के हॉस्टल में शुक्रवार को बीएमएस (BMS) के छात्र ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, अभी सुसाइड के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पता लगाया जा रहा है कि छात्र ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान प्रारंभ शुक्ला (19) पुत्र अनुपम शुक्ला निवासी जबलपुर सिटी बी 48 डुबन एयरपोर्ट रोड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह आईआईएम सिरमौर में बीएमएस (बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज) के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के शव गृह में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आईआईएम सिरमौर के छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।











