Khabron wala
बिलासपुर जिले के शाहतलाई क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए उजड़ गया। ग्राम पंचायत बलोह के फगोग गांव में बुधवार शाम दो लोगों के बीच हुई बहस मारपीट में बदल गई, जिसके परिणामस्वरूप 42 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फोरैंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार संगासवीं निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश और जोहड़ निवासी अनूप कुमार पुत्र धर्म सिंह के बीच बुधवार शाम किसी बात को लेकर फगोग गांव में कहासुनी हो गई थी। बातों ही बातों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हिंसक हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट के दौरान धर्मेंद्र कुमार अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घबराए परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन से घटना की सूचना मिलते ही तलाई थाना की पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मुख्य आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कोई भी कोताही नहीं बरतना चाहती। वीरवार सुबह डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची। क्राइम सीन की बारीकी से जांच के लिए बिलासपुर से एक विशेषज्ञ फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब वारदात से पहले के घटनाक्रम और हत्या की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
इस पूरी वारदात में सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसकी कीमत धर्मेंद्र को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी? फिलहाल पुलिस जांच में विवाद का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच अधिकारी इसी बिंदु पर फोकस करते हुए गिरफ्तार आरोपी अनूप कुमार से गहन पूछताछ कर रहे हैं।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और धर्मेंद्र के शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व फोरैंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगामी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी









