Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के युवाओं का भारतीय सेना के प्रति असीम प्रेम और समर्पण एक बार फिर देखने को मिला है। हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले धनेटा कस्बा के होनहार युवा निखिल वर्मा ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बनकर अपने परिवार, क्षेत्र और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
निखिल वर्मा ने हाल ही में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से अपना कड़ा सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है। पासिंग आऊट परेड के बाद उन्हें भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ और उनके कंधों पर लैफ्टिनैंट के सितारे सजाए गए। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
निखिल की इस उपलब्धि में सबसे विशेष बात यह है कि वह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देंगे। देश सेवा का यह जज्बा उन्हें विरासत में मिला है। निखिल के दादा किशोरी लाल भारतीय सेना से बतौर लैफ्टिनैंट सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके पिता संजय वर्मा ने सेना में बतौर कर्नल देश की सेवा की है। अब निखिल ने इस गौरवशाली पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेना की वर्दी पहनी है।
निखिल के लैफ्टिनैंट बनने की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव धनेटा और नादौन क्षेत्र में पहुंची तो इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों की ओर से बधाई देने का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों ने उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निखिल की यह शानदार उपलब्धि इलाके के अन्य युवाओं के लिए भी एक बहुत बड़ी प्रेरणा है।












