ADVERTISEMENT

Himachal: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मां-बेटी को रौंदा, बच्ची की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बाथड़ी क्षेत्र में एक दुखद सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पार कर रही मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची ने पंजाब के लुधियाना स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार है और पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

टाहलीवाल पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता मरली देवी पत्नी लुरक साहनी ने बताया कि वह मूल रूप से गांव सेमरिया, जिला बेगूसराय (बिहार) की रहने वाली है और वर्तमान में बाथड़ी (वार्ड नंबर- 15) में परिवार सहित रह रही है। 9 सितम्बर की दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी छोटी बेटी के साथ बाथड़ी बाजार जा रही थीं। जब वे वर्धमान फैक्ट्री के सामने कच्ची सड़क पार कर रही थीं, तभी सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

इस दुर्घटना में मां और बेटी दोनों को चोटें आईं, लेकिन बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए तुरंत डीएमसी अस्पताल लुधियाना (पंजाब) ले जाया गया। वहां 10 सितम्बर को इलाज के दौरान बच्ची की मृत्यु हो गई। टाहलीवाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

मामले की पुष्टि करते हुए ऊना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन हिरेमठ ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ टाहलीवाल पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा। वहीं बच्ची की मौत के बाद परिवार पर दुखाें का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *