Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग ने अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग को लेकर एक सख्त कार्रवाई की है। चम्बा जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थनेई के अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता एवं कार्यवाहक प्रधानाचार्य को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग को उक्त कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ लंबे समय से गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी पर स्कूल स्टाफ को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। इसके अलावा, उन पर कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों के सामने अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के साथ-साथ अपने ही स्टाफ के सदस्यों से पैसे मांगने के गंभीर आरोप भी लगे हैं। केवल अनुशासनहीनता ही नहीं, बल्कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप हैं। विभाग के अनुसार, उनके खिलाफ राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान ग्रांट और अभिभावक-शिक्षक संघ फंड के कथित दुरुपयोग की शिकायतें भी मिली हैं, जिसके बाद यह कड़ी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई गई है।
गंभीर आरोपों को देखते हुए शिक्षा विभाग ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य को केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के नियम-10 के उपनियम (1) के तहत तुरंत प्रभाव से सस्पैंड कर दिया है। निलंबन की इस अवधि के दौरान आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य का मुख्यालय चम्बा से बदलकर शिमला जिले के अति-दुर्गम क्षेत्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्वार (डोडरा-क्वार) निर्धारित किया गया है। शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि निलंबित प्रवक्ता सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अपना नया मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।












