रफी नाइट के ग्रैंड फिनाले में चमकी पांवटा की सिया, जूनियर डांस प्रतियोगिता में हासिल किया तृतीय स्थान
Khabron wala
पांवटा साहिब: पांवटा साहिब की होनहार बेटी प्रिंसेस सिया ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विजय फोरम प्रेजेंट्स रफी नाइट – “आवाज़ दिल की” सीजन-11 के ग्रैंड फिनाले में जूनियर डांस प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
माजरा के निजी स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा सिया ने ग्रैंड फिनाले के बड़े मंच पर पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी नृत्य प्रस्तुति दी। सिया की प्रस्तुति ने दर्शकों और निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच तृतीय स्थान हासिल करना उसकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है।
सिया ने कम उम्र में ही अपनी कला और हुनर से यह साबित किया है कि यदि बच्चों को सही मंच, उचित मार्गदर्शन और परिवार का निरंतर सहयोग मिले, तो वे बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। सिया की इस उपलब्धि से उसके परिवार के साथ-साथ विद्यालय और पांवटा साहिब क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
सिया की सफलता के पीछे उसकी निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास और नृत्य के प्रति जुनून के साथ परिवार का प्रोत्साहन भी महत्वपूर्ण रहा। “मेरा गांव मेरा देश एक सहारा” संस्था की अध्यक्षा एवं सिया की माता पुष्पा खंडूजा ने बेटी के हुनर को आगे बढ़ाने के लिए लगातार उसका हौसला बढ़ाया और हर कदम पर उसका साथ दिया।
पुष्पा खंडूजा ने सिया की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटी की मेहनत को इतने बड़े मंच पर पहचान मिलना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना बेहद जरूरी है।
सिया की इस शानदार उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्रवासियों ने उसे हार्दिक बधाई दी है। सभी ने सिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा के दम पर पांवटा साहिब का नाम रोशन करती रहेगी।
🌸 प्रिंसेस सिया को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
👑💃 मेहनत जारी रखो सिया, मंजिलें अभी और भी हैं!










