ADVERTISEMENT

हिमाचल की नौणी यूनिवर्सिटी में फैकल्टी का हंगामा, VC ने खुद को कमरे में बंद किया; DGP को फोन कर बुलाई पुलिस

Khabron wala

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विवि नौणी में सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुलपति डॉ. एचएस बवेजा के कक्ष के बाहर फैकल्टी मेंबर्स ने हंगामा कर दिया। वीसी ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कार्यालय का दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने खुद को अंदर बंद कर डीजीपी को फोन कर पुलिस बुलाई।

इस दौरान कुलपति कार्यालय के बाहर संकाय सदस्य डटे रहे और शोर मचाते रहे। करीब एक घंटे बाद माहौल शांत हुआ। जानकारी के अनुसार चार फैकल्टी व एचओडी कुलपति से अपनी मांगों व शिकायतों को लेकर मुलाकात करने के लिए आए थे। लेकिन माहौल को देखते हुए पहले कुलपति ने सुरक्षा गार्डों को बुलाया और उसके बाद खुद को कार्यालय में बंद कर लिया।

संकाय सदस्यों का कहना था कि वे पिछले काफी समय से कुलपति से मिलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं व मांगों पर उचित स्तर पर सुनवाई नहीं हो पा रही है। जब वह सोमवार को उनसे मिलने के लिए पहुंचे, तो कार्यालय के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होने के कारण उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद माहौल गर्म हो गया।

कार्यालय के बाहर कर रहे थे शोर : कुलपति

विवि के कुलपति डॉ. बवेजा ने बताया कि करीब साढ़े दस बजे कुछ लोग कार्यालय के बाहर शोर कर रहे थे। सुरक्षा गार्ड ने सलाह दी कि आप अंदर ही रहे। इस पर मैंने मुख्य सचिव, डीजीपी व एसपी सोलन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस भी आई और वह इसकी जांच कर रहे हैं। हालांकि यदि वीसी से मिलना होता है, तो उसका एक सिस्टम है। उसको फॉलो करके ही मिलना होता है, लेकिन उनकी मंशा क्या थी यह मुझे मालूम नहीं है।

 

 

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *