ADVERTISEMENT

Solan: बद्दी में ट्रक से 300 किलोग्राम नशे की खेप बरामद, नालागढ़ का चालक गिरफ्तार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस की स्पैशल एक्स टीम ने मंगलवार मध्यरात्रि एक ट्रक से 300 किलोग्राम (3 क्विंटल) भुक्की (चूरा-पोस्त) बरामद की है। पुलिस ने नशे की इस खेप को जब्त कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार मध्यरात्रि स्पैशल एक्स टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा की तरफ से एक ट्रक में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बद्दी की ओर लाया जा रहा है। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और बद्दी पुल के पास कड़ी नाकाबंदी कर दी। जब संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा तो टीम ने उसे रोककर नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर रखे प्लास्टिक के बोरों की जांच की गई, जिसमें से 3 क्विंटल भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।

पकड़े गए आरोपी ट्रक चालक की पहचान नालागढ़ के वार्ड नंबर 3 निवासी धर्मिन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बद्दी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह नशे की यह खेप हरियाणा में किस व्यक्ति से लेकर आया था और इसे बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षकविनोद धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि बद्दी पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में ऐसे धरपकड़ अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *