हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और निचले क्षेत्रों के लोगों को अब हाईकोर्ट से जुड़े मामलों के लिए शिमला तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है. विधानसभा ने भी इस संबंध में सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया है. अब राज्य सरकार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राज्यपाल से विचार-विमर्श के बाद केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी. मुख्यमंत्री ने बेंच के लिए जमीन, भवन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार की ओर से उठाने की बात कही है.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने से जुड़ा संकल्प सदन में पेश किया. इस पर विधानसभा ने सर्वसम्मति से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का फैसला लिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए न्याय व्यवस्था को आम लोगों की पहुंच तक लाना जरूरी है. इस पहल का उद्देश्य कांगड़ा और निचले हिमाचल के दूसरे जिलों के लोगों को उनके नजदीक न्याय उपलब्ध करवाना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा और निचले हिमाचल के कई जिलों के लोगों को हाईकोर्ट की मुख्य पीठ तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. पहाड़ी रास्तों और भौगोलिक दूरी के कारण वादियों को यात्रा में परेशानी होती है. इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं. कई मामलों में न्यायिक प्रक्रिया में भी देरी होती है. इन क्षेत्रों से जुड़े लंबित मामलों की संख्या को देखते हुए धर्मशाला में स्थायी बेंच की जरूरत बताई गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थायी बेंच की स्थापना के लिए राज्य सरकार जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाएगी. इसके तहत उपयुक्त जमीन, कोर्ट भवन, आवासीय परिसर, डिजिटल सुविधाओं और वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी. प्रस्ताव को आगे बढ़ाने से पहले प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राज्यपाल से विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके बाद विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. स्थायी बेंच की स्थापना के लिए अंतिम प्रक्रिया केंद्र सरकार के स्तर पर पूरी होगी.
हिमाचल में बनेगी दूसरी महिला पुलिस बटालियन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एक और महिला पुलिस बटालियन स्थापित करने की भी घोषणा की. इसके साथ ही उन्होंने हिमाचल पुलिस की महिला बिगुलर टीम की उपलब्धि का जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने बताया कि टीम ने 27वीं बैंड प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. इस उपलब्धि के लिए उन्होंने टीम के सदस्यों को बधाई दी और प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया.









