Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर चार दिनों से लापता युवक का शव सड़क से करीब 100 फीट नीचे मिला है। वहीं, शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले संधोल इलाके का है। मृतक की पहचान संधोल के घनाला गांव निवासी 35 वर्षीय अमित कुमार, पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते रविवार से अमित लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, पर सफलता हाथ नहीं लगी। इसी बीच बुधवार को अमित का शव संधोल-हमीरपुर सीमा पर स्थित गांव सच्चूही में सड़क से करीब 100 फीट नीचे मिला।
वहीं, शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। सएचओ सुजानपुर प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।












