जलशक्ति भर्ती नीति पर भड़की भाजपा, भाजपा में एक्सईएन का पुतला फूंका
शिलाई में प्रदर्शन, भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
Khabron wala
नाहन : जिला सिरमौर के शिलाई जलशक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया और कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शनिवार को भाजपा नेड़ापार मंडल ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभाग और शिलाई विधायक एवं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जलशक्ति विभाग शिलाई के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विभाग की भर्ती प्रक्रिया और कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के युवाओं में भारी रोष है। रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में पारदर्शिता नहीं होने से युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के समान अवसर मिलना उनका अधिकार है और उनकी अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों और शिलाई के विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया और संबंधित नीतियों की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर उचित निर्णय लेने की मांग उठाई। भाजपा नेताओं ने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर संबंधित अधिकारियों और शिलाई विधायक को जनता के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के रोजगार से जुड़े इस मुद्दे को आगे भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रदर्शन में भाजपा नेड़ापार मंडल अध्यक्ष साधुराम चौहान, महामंत्री नरेश चौहान और कुलदीप शर्मा, किसान मोर्चा जिला सिरमौर के महामंत्री दिनेश चौहान, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, उपाध्यक्ष मनोज पुंडीर, महेंद्र सिंह, परशुराम सेवा समिति अध्यक्ष तरुण शर्मा, प्रवीण चौहान, नीटू शर्मा, हरिचंद शर्मा और संजय चौहान सहित क्षेत्र के अनेक युवा व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












