Himachal: दिल्ली के युवक ने राहगीर को पहले मारी टक्कर, फिर गाड़ी रिवर्स में डालकर कुचला; तड़प-तड़पकर गई जान

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से एक बेहद खौफनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली से आए पर्यटकों की एक तेज रफ्तार कार ने न केवल एक राहगीर को गलत दिशा में जाकर टक्कर मारी, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सड़क पर तड़प रहे घायल पर जानबूझकर दोबारा गाड़ी चढ़ा दी, जिसके कारण उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

चलती गाड़ी में बियर पी रहे थे दो युवक और एक युवती

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे की है। हादसा जिले के नग्गर रोड फार्म के पास हुआ। चश्मदीद टैक्सी चालक ओमप्रकाश के अनुसार, दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार (DL12CU0584) में दो युवक और एक युवती सवार थे। कार के भीतर तेज संगीत बज रहा था और वे चलती गाड़ी में सरेआम बियर पी रहे थे। नग्गर फार्म रोड के पास पहुंचते ही नशे में धुत चालक ने अचानक गाड़ी को रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में मोड़ दिया और सड़क किनारे चल रहे रामकृष्ण नामक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रामकृष्ण हवा में उछलते हुए करीब 25 फीट दूर जा गिरे।

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार चालक ने इंसानियत भूलकर जो किया वह रोंगटे खड़े करने वाला था। घायल रामकृष्ण सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे। आरोपी ने कार रोकने के बजाय, उन्हें कुचलने के इरादे से गाड़ी को रिवर्स (पीछे) किया और दोबारा उनके ऊपर टायर चढ़ा दिए। रामकृष्ण की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात के बाद भाग रहे मुख्य आरोपी को स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाकर दबोच लिया।

जांच में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चश्मदीदों के बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत दर्ज किए गए हैं। चालक की पहचान 29 वर्षीय विक्रांत विज, निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं, मुख्य आरोपी विक्रांत विज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कार में सवार अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!