Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। वहीं, प्रशासन ने पंचायतीराज चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। मतदान केंद्रों के बाहर हुड़दंग, नारेबाजी, अनावश्यक भीड़ या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों को जेल भेजने के साथ-साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
बता दें कि प्रदेश में 26 मई से तीन चरणों में 3758 पंचायतों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं, जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। इतने बड़े स्तर पर हो रहे चुनावों को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से की ये अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि मतदान केंद्रों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर वेब कास्टिंग और वीडियोग्राफी के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को हिदायत दी है कि वे अपने समर्थकों को मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे के बाहर अनुशासन बनाए रखने का निर्देश दें। मतदान केंद्र के पास अनावश्यक भीड़ जुटाना, नारेबाजी करना, मतदाताओं को डराना-धमकाना या मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









