Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर सामने आया है. अब आर्थिक तंगी, महंगी कोचिंग या दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने की मजबूरी युवाओं के सपनों के बीच दीवार नहीं बनेगी. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, शारीरिक अभ्यास और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का बड़ा फैसला लिया है.
इस पहल के तहत अभ्यर्थियों को दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा से लेकर लिखित परीक्षा, व्यक्तित्व विकास और चयन प्रक्रिया के हर चरण की तैयारी मुफ्त में करवाई जाएगी. सरकार का दावा है कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण, दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा.
अभ्यर्थियों को मिलेगा पूरा मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल का युवा प्रतिभाशाली, अनुशासित और परिश्रमी है. प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार के साथ प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन भी देना है. उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य अभ्यर्थी की प्रगति आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को राज्य की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित एवं निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू किए जाने के निर्देश दिए हैं. इन कार्यक्रमों में भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा का प्रशिक्षण, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणात्मक सत्र और चयन प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों और प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन युवाओं के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और प्रशिक्षण सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती हैं. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से हिमाचल प्रदेश पुलिस में अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन होगा और पुलिस विभाग को समर्पित, अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध पुलिसकर्मी मिलेंगे.
800 पदों पर हो रही है भर्ती
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 9 जुलाई को पुलिस विभाग में 800 कांस्टेबल पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है. वहीं, हिमाचल प्रदेश पुलिस जल्द ही इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, प्रशिक्षण केंद्र, समय-सारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया जारी करेगी. पुलिस विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय अथवा पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें.











