Paonta Sahib: सर्व धर्म समभाव और सर्व जन कल्याण की भावना से किया है काम, जनता देगी भरपूर समर्थन: डाॅ रोहताश नांगिया
पाँवटा साहिब नगर के हार्ट वार्ड नंबर 8 का चुनाव कोई छोटा चुनाव नहीं है। इस सीट पर बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं की पाँवटा साहिब से लेकर शिमला तक निगाहें टिकी हुई है। कारण युवा उम्मीदवार डाॅ रोहताश नांगिया के विजन और उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों की चर्चा है। जो आज हर गली-गली हो रही है।
नगर परिषद के वार्ड नंबर-8 से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. रोहताश नांगिया इन दिनों अपने विकासात्मक विजन और जनसंपर्क अभियान को लेकर खासे चर्चा में हैं। वार्ड में गलियों, सड़कों और नालियों से जुड़े कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे डॉ. नांगिया को लोगों का लगातार समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।
वार्ड की जनता का कहना है कि जहां कई प्रत्याशी केवल मूलभूत सुविधाओं तक सीमित सोच रख रहे हैं, वहीं उच्च शिक्षित चिकित्सक डॉ. नांगिया ने नगर और वार्ड के विकास के लिए दूरगामी विजन प्रस्तुत किया है। सोशल मीडिया और जनसभाओं में भी उनके विजन की चर्चा तेज हो गई है।
गत दिनों आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. नांगिया ने वार्ड और नगर परिषद के विकास को लेकर अपना स्पष्ट रोडमैप रखा था। इसमें नगर परिषद के कार्यों का पूर्ण डिजिटलीकरण कर दलाली और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, हर गली के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुलिस के सहयोग से पीसीआर सुविधा मजबूत करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नशा उन्मूलन अभियान चलाने तथा युवाओं के लिए खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इसके अलावा धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को सुरक्षित एवं भव्य बनाने की बात भी उनके विजन में शामिल रही।
वार्ड-8 में उनका सीधा मुकाबला भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजय सिंघल से माना जा रहा है, जो लंबे समय से नगर परिषद की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। यही वजह है कि पूरे शहर की नजरें इस सीट पर टिकी हुई हैं। चुनावी माहौल के बीच डॉ. रोहताश नांगिया का प्रचार अभियान लगातार गति पकड़ता नजर आ रहा है। समर्थकों का कहना है कि उनका डोर-टू-डोर जनसंपर्क ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है जिसका किसी के पास भी कोई तोड़ नहीं है।
डाॅ रोहताश नांगिया का कहना है कि वह सर्व धर्म समभाव और सर्व जन कल्याण की भावना से काम करने पर विश्वास रखते हैं और पिछले पाँच वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्य जनता के समक्ष है जिस पर उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। वह निश्चित रूप से अपनी मंजिल की ओर अग्रसर है।












