Khabron wala
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नालागढ़ पुलिस थाना परिसर में हुए आईईडी धमाके के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह विस्फोट इस साल एक जनवरी को पुलिस थाने के भीतर जांच अधिकारी के कमरे से सटी बाहरी दीवार के पास हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में इस मामले की जांच राज्य पुलिस कर रही थी, लेकिन आठ मई को एनआईए ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली। एनआईए ने एक बयान जारी कर बताया कि इस मामले में छह आरोपियों – महावीर कुमार उर्फ काका, अजय मेहरा, मनप्रीत सिंह उर्फ मणि, अर्शदीप सिंह कंडोला उर्फ अर्श कंडोला, करणप्रीत सिंह और दिलजोत सिंह सैनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बयान के मुताबिक, धमाके की साजिश की जांच के दौरान दो और लोगों – हरमन हैरी और जशन सैनी की संलिप्तता सामने आई। एनआईए ने इस हमले से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ये दोनों आरोपी पहले पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए गए थे, जिसके बाद एनआईए ने इस मामले में उन्हें अपनी हिरासत में लिया। हरमन हैरी और जशन सैनी की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में एनआईए द्वारा की गई कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। बयान में कहा गया कि आरोपियों की विशिष्ट भूमिका का पता लगाने, उनके आपस में संबंधों को स्थापित करने, साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और इस साजिश की तह तक जाने के लिए जांच जारी है।









