ADVERTISEMENT

Solan: आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे शख्स ने उठाया खौफनाक कदम, जंगल में इस हालत में मिला शव

Khabron wala

जीवन की दुश्वारियों और आर्थिक तंगी ने एक और हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया है। सोलन जिले के दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गांव टुईरू में 56 वर्षीय व्यक्ति ने मानसिक तनाव के चलते जंगल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे पत्नी की गंभीर बीमारी (कैंसर) और बैंक लोन का दबाव मुख्य कारण बताया जा रहा है। मृतक की पहचान रमेश कुमार पुत्र कपूरु राम के रूप में की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रमेश कुमार पुत्र कपूरु राम एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसने शिमला के विकास नगर में एक फ्लैट ले रखा था, जिसकी बैंक किस्तों का बोझ उस पर था। इसी बीच उसकी पत्नी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। पत्नी के इलाज और कर्ज के बोझ ने रमेश को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

जानकारी के अनुसार रमेश अत्यधिक तनाव में था और 5 मार्च को उसने काफी शराब का सेवन भी किया था। उसकी हालत देखते हुए 6 मार्च को उसका भाई रामपाल उसे शिमला से अपने पैतृक गांव टुईरू ले आया था, लेकिन घर आने के अगले ही दिन रमेश चुपचाप घर से निकला और गांव के साथ लगते जंगल में जाकर पेड़ से फंदा लगा लिया।

एसपी सोलन साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक के शरीर पर गले में रस्सी के निशान के अलावा चोट का कोई निशान नहीं मिला है। परिजनों ने किसी भी तरह की शंका जाहिर नहीं की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी कार्रवाई जारी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!