Khabron wala
शेयर मार्कीट में निवेश कर 15 से 20 प्रतिशत तक रिटर्न दिलाने का झांसा देकर पालमपुर थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी एक व्यक्ति से करीब 19.50 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना पालमपुर ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्त्ता ने थाना पालमपुर में दी शिकायत में बताया कि लगभग एक माह पहले जब वह अपने घर पर मौजूद था, तभी उसे व्हाट्सएप के माध्यम से एक कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे शेयर मार्कीट में निवेश करने पर 15 से 20 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का लालच दिया। आरोपी की बातों पर विश्वास कर शिकायतकर्त्ता ने उसके बताए अनुसार अलग-अलग समय पर कई किस्तों में धनराशि जमा करवानी आरंभ कर दी। शिकायतकर्त्ता के अनुसार उसने कुछ धनराशि अपने बैंक खाते से ट्रांसफर की, जबकि कुछ राशि नकद जमा करवाई गई। इसके अतिरिक्त उसके कुछ मित्रों के बैंक खातों के माध्यम से भी आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में रकम भेजी गई। इस तरह अलग-अलग माध्यमों से कुल करीब 19.50 लाख रुपए का भुगतान किया गया।
रकम जमा करवाने के बाद जब शिकायतकर्त्ता ने संबंधित व्यक्तियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने उसके फोन कॉल का जवाब देना बंद कर दिया। आरोपी के मोबाइल नंबर भी बंद पाए गए। किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं होने पर शिकायतकर्त्ता को अपने साथ शेयर मार्कीट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी होने का संदेह हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पालमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में रकम के लेन-देन, संबंधित बैंक खातों और आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। डीएसपी सुनील राणा ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में लोगों को अनजान व्यक्तियों द्वारा शेयर मार्कीट में असामान्य रूप से अधिक रिटर्न देने के किए जाने वाले दावों से सावधान रहना चाहिए।










