Khabron wala
हमीरपुर जिला के विकास खंड सुजानपुर के तहत ग्राम पंचायत लम्बरी के जियाणा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस को मृतका के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने पड़ोस के एक परिवार के सदस्यों का जिक्र किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रात के समय फंदे से लटकी मिली बेटी
जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार रात की है। 14 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही घर में पंखे से दुपट्टा बांधकर फंदा लगा लिया। जैसे ही परिजनों को इस बात का पता चला तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत लड़की को लेकर सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद लड़की को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पड़ोसियों से हुआ था पिता का झगड़ा
थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस को नाबालिग के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में उसने पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के लगभग 3 से 4 लोगों के नाम लिखे हैं। जांच में सामने आया है कि जिस परिवार के नाम सुसाइड नोट में हैं, उस परिवार के साथ लड़की के पिता की लड़ाई हुई थी। मृतका के पिता बलदेव चंद उसी पड़ोसी के पास लोहे और लकड़ी की अलमारी बनाने का काम करते हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक विवाद और झगड़े से आहत होकर नाबालिग ने यह खौफनाक कदम उठाया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल से सभी साक्ष्य जुटा लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से इस मामले की गहन छानबीन कर रही है। रविवार को शव को कब्जे में लेकर डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।










