Khabron wala
थाना लंबागांव क्षेत्र में मंगलवार को ऐसे 2 मामले सामने आए, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया। पहले मामले में एक महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर थाना लंबागांव में तैनात एक कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने वीडियो में आरोप लगाया कि कांस्टेबल उसे बार-बार परेशान करता है और शराब व पैसों की मांग करता है।
महिला ने वीडियो के माध्यम से न्याय की गुहार लगाई। देखते ही देखाते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। उसके बाद लंबागांव टैक्सी यूनियन कांस्टेबल के समर्थन में उतर आई और कई टैक्सी ऑप्रेटर पुलिस थाना लंबागांव पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के खिलाफ धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही महिला ने अगले दिन फिर फेसबुक लाइव किया और पुलिस से माफी मांगते हुए कहा कि उसने पारिवारिक परेशानियों के चलते ऐसा कदम उठाया था। महिला ने यह भी कहा कि इसमें पुलिस की कोई गलती नहीं थी। डी. एस.पी. पालमपुर सुनील ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इधर अगवा करने का ड्रामा
दूसरा मामला भी पुलिस हैल्पलाइन के दुरुपयोग से जुड़ा है। एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि कुछ लोगों ने हलेड़ मंदिर के पास एक व्यक्ति को गाड़ी में अगवा कर लिया और जयसिंहपुर अस्पताल के पास हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया। शिकायत मिलते ही लंबागांव पुलिस ने जांच में पाया कि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने दूसरे को नीचा दिखाने के लिए हैल्पलाइन का गलत इस्तेमाल किया था। अब पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









