जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में रूण नदी के तेज बहाव के बीच 5 घंटों तक फंसे बुजुर्ग बनारसी दास को सेना के हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में नदी में उतरा एक अन्य व्यक्ति खुद तेज बहाव के बीच फंसा गया था। जिसे की एनडीआरएफ व होमगार्ड के जवानों ने काफी मुश्किल के बाद रेस्क्यू किया। मंगलवार को नाहन उपमंडल में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान एक बुजुर्ग नदी के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
तेज बहाव के कारण जमीन के रास्ते बुजुर्ग तक पहुंचना बेहद मुश्किल था। बचाव दल ने ड्रोन की मदद से भी रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रहीं। इसके बाद सेना की मदद ली गई। अंधेरे के बीच आर्मी का रेस्क्यू दल हेलिकॉप्टर के साथ मौके पर पहुंचा और बुजुर्ग को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया। आखिरकार हेलिकॉप्टर की मदद से बुजुर्ग को नदी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वही बुजुर्ग के रेस्क्यू के दौरान उसे बचाने के लिए नदी में उतरा जल शक्ति विभाग का अंशुल तेज बहाव के बीच फंस गया।
जबकि नाहन के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने बताया कि उन्होंने व्यक्ति को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को इमरजेंसी में कॉल किया तथा तत्काल सहायत के लिए प्रशासन की मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उधर एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि
नदी से बनारसी दास को भारतीय वायु सेवा के चौपर ने एयरलिफ्ट कर सहारनपुर सेना के अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से बुधवार को बनारसी दास को उपचार के बाद एसडीएम सहारनपुर को सौपा जाएगा, जो कि उन्हें नाहन के पहुंचाएंगे।रेस्क्यू अभियान के दौरान डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा और स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।










