ADVERTISEMENT

होटल का कमरा…4 युवक और 1 युवती, CIA Team ने चिट्टे के साथ किया गिरफ्तार; हरियाणा से जुड़े तार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीसीसीएन चौक (लोहना) के समीप एक होटल में देर रात दबिश देकर 7.92 ग्राम चिट्टे के साथ 4 युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त होटल में छापेमारी की। पुलिस ने जब होटल के एक कमरे की तलाशी ली तो वहां चार युवक और एक युवती मौजूद पाए गए। तलाशी के दौरान हरियाणा निवासी एक युवक के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक और गहन पूछताछ में यह बात सामने आई कि कमरे में मौजूद अन्य तीन युवक और एक युवती भी इस नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। इसके अलावा, मामले में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा अमेज कार (HR 40G-8849) की भी संलिप्तता पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और चिट्टे व कार को अपने कब्जे में ले लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें हरियाणा निवासी दपिंदर सिंह (32), पालमपुर क्षेत्र के आदित्य पठानिया (24), कबीर (23), प्रांशुल कपूर (24) और मंडी जिला निवासी ममता (27) शामिल हैं।

कांगड़ा पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इस बात का पता लगाना है कि यह मादक पदार्थ (चिट्टा) वे कहां से लेकर आए थे और इनके नैटवर्क में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं, ताकि नशे की इस पूरी चेन को तोड़ा जा सके।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *