ADVERTISEMENT

Shimla: जुब्बल और कोटखाई में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, अफीम व चिट्टे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Khabron wala

शिमला पुलिस ने जिले में फैल रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में अप्पर शिमला के जुब्बल और कोटखाई क्षेत्रों में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से करीब 32 ग्राम अफीम और 6 ग्राम चिट्टा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।

कार के डैशबोर्ड में छिपा रखी थी अफीम

पहली कार्रवाई जुब्बल थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई। जानकारी के अनुसार बीते 5 अक्तूबर को पुलिस थाना जुब्बल की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जुब्बल निवासी सुशील कुमार उर्फ टीटू के वाहन को जांच के लिए रोका और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड के अंदर से तीन पारदर्शी प्लास्टिक के पाऊच बरामद हुए, जिनमें भूरे रंग का चिपचिपा पदार्थ भरा हुआ था। जांच करने पर वह अफीम निकली। पाऊच सहित इस अफीम का कुल वजन करीब 32 ग्राम पाया गया। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

कोटखाई नाला के पास चिट्टे के साथ 2 युवक काबू

नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई ठियोग उपमंडल के डिटैक्शन सैल की टीम ने की। टीम ने कोटखाई नाला के समीप गश्त और चैकिंग के दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों की तलाशी ली। जांच करने पर दोनों के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान आशीष उर्फ गांधी (33) और राहुल (31) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी भी जुब्बल क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस

शिमला पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह अफीम और चिट्टा कहां से लाए थे और क्षेत्र में इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस इस ड्रग नैटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *