उद्योग मंत्री हर्षवर्धन के गृह क्षेत्र में भाजपा का कब्जा, शिलाई ब्लॉक समिति पर लहराया परचम
Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के गृह क्षेत्र शिलाई में ब्लॉक समिति (BDC) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल कर राजनीतिक बढ़त दर्ज की है। 15 सदस्यीय ब्लॉक समिति में भाजपा समर्थित 10 उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि कांग्रेस समर्थित 5 उम्मीदवारों को जीत मिली।
बहुमत मिलने के बाद भाजपा समर्थित विनीता बाली कोटि को ब्लॉक समिति का अध्यक्ष तथा बालक राम कांडो भटनोल को उपाध्यक्ष चुना गया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस जीत को पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर की संगठनात्मक रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। समर्थकों का कहना है कि उद्योग मंत्री के गृह क्षेत्र में भाजपा का ब्लॉक समिति पर कब्जा पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि है।
वहीं, कांग्रेस के लिए इस परिणाम को स्थानीय स्तर पर एक बड़ा झटका माना जा रहा है। चुनाव परिणामों के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और दोनों दल अपने-अपने तरीके से नतीजों की व्याख्या कर रहे हैं।










