ADVERTISEMENT

Himachal: डिफैंस सप्लाई का झांसा देकर पैट्रोल पंप संचालक को लगाया ₹16.70 लाख का चूना, जम्मू के ट्रांसपोर्टर सहित 3 पर मामला दर्ज

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक पैट्रोल पंप संचालक के साथ करीब 16.70 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रक्षा आपूर्ति (डिफैंस सप्लाई) के परिवहन का हवाला देकर जम्मू के एक ट्रांसपोर्टर ने पंप संचालक से लाखों रुपए का डीजल उधार लिया, लेकिन बाद में भुगतान करने से मुकर गया। ऊना पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रांसपोर्टर, उसके मैनेजर और अकाऊंटैंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आईओसीएल और रक्षा प्रतिष्ठानों से पेमैंट का दिया था झांसा

पुलिस को दी गई शिकायत में ऊना के पैट्रोल पंप संचालक ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान जम्मू के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्टर बताया और कहा कि उसके टैंकर रक्षा आपूर्ति (डिफैंस सप्लाई) के परिवहन कार्य में लगे हुए हैं। उसने पंप संचालक से अपने टैंकरों के लिए उधार में डीजल उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। आरोपी ने पंप संचालक को यह भरोसा दिलाया था कि आईओसीएलऔर रक्षा प्रतिष्ठानों से पेमैंट मिलते ही वह निर्धारित समय के भीतर डीजल के बिल का पूरा भुगतान कर देगा।

3 महीने लिया डीजल, पैसे मांगे तो करने लगा टालमटोल

ट्रांसपोर्टर के बड़े-बड़े आश्वासनों पर विश्वास करते हुए पंप संचालक ने मई, जून और जुलाई 2025 के दौरान उसके टैंकरों में उधार पर डीजल भरवाया। इस दौरान डीजल का बिल करीब 16.70 लाख रुपए तक पहुंच गया। जब पंप संचालक ने अपनी पेमैंट मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। कई महीनों तक झूठा भरोसा दिलाने के बाद भी जब ट्रांसपोर्टर ने राशि नहीं चुकाई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत में ट्रांसपोर्टर के साथ-साथ उसके मैनेजर और अकाऊंटैंट पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

क्या कहती है पुलिस?

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने पंप संचालक की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से जल्द पूछताछ की जा सकती है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *