ADVERTISEMENT

आईआईएम सिरमौर छात्र मौत मामला: IIM प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज, मृतक के पिता ने लगाए थे गंभीर आरोप

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित आईआईएम सिरमौर के धौलाकुआं परिसर में बीएमएस छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. मृतक के पिता अनुपम शुक्ला, निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में मामला पंजीकृत किया गया. शिकायत में आईआईएम सिरमौर के अधिकारियों एवं प्रशासन पर लापरवाही, घटना की जानकारी छिपाने, पर्याप्त निगरानी न रखने और कथित बुलिंग व मानसिक उत्पीड़न से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र की मौत से पहले की परिस्थितियां क्या थीं और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है. मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को जांच के दायरे में रखा गया है.

चाचा ने उठाए थे संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल

गौरतलब है कि प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मौत के बाद गत शनिवार को उसके चाचा श्याम शुक्ला ने भी संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रारब्ध की परेशानी और उसके व्यवहार में आए बदलाव की जानकारी समय रहते परिवार को नहीं दी गई. चाचा ने दावा किया था कि छात्र ने संस्थान में कुछ समस्याओं को लेकर शिकायत की थी और घटना से कुछ दिन पहले उसके हाथ पर चोट भी लगी थी. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की थी.

अब पिता की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच आगे बढ़ गई है. शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि फिलहाल जांच का विषय है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े आरोपों और छात्र की संदिग्ध मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

आईआईएम सिरमौर के धौलाकुआं स्थित नए कैंपस में 21 अगस्त को 19 वर्षीय बीएमएस छात्र प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था. पुलिस के अनुसार, छात्र के पिता ने हॉस्टल वार्डन को फोन कर बेटे के फोन नहीं उठाने की जानकारी दी थी. इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन ने कमरे की स्थिति देखने का प्रयास किया. कमरे के अंदर छात्र दिखाई नहीं देने पर खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश किया गया, जहां छात्र फर्श पर पड़ा मिला और पंखे से चुन्नी लटकी हुई मिली थी.

पुलिस ने मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में लिया

आईआईएम प्रबंधन की ओर से छात्र को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था. पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा था, हालांकि मौत के सही कारण और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है. अब पिता की शिकायत पर मामला दर्ज होने से जांच का दायरा और बढ़ गया है.

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *