Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और कुदरत के कहर के बीच चम्बा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है। अक्सर हादसों के दौरान लोग मूकदर्शक बनकर वीडियो बनाते रह जाते हैं, लेकिन चम्बा के भटियात में एक परिवार ने अपनी जान पर खेलकर जो किया, वह इंसानियत की सबसे खूबसूरत मिसाल बन गया है। उफनते पानी में बह रहे एक बाइक सवार की जान बचाने के लिए कार सवार महिलाओं ने अपने दुपट्टों को जोड़कर ऐसी जीवन रक्षक डोरी बनाई, जिसने एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया।
जानकारी के अनुसार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण ककीरा-कमलाड़ी मुख्य मार्ग पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि सड़क ने एक उफनते नाले का रूप ले लिया। इसी दौरान एक बाइक सवार इस तेज बहाव की चपेट में आ गया। पानी का वेग इतना ज्यादा था कि बाइक सवार के लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया और उसकी जान पर बन आई।
इसी बीच, वहां से कार में गुजर रहे एक परिवार की नजर लहरों से जूझते उस बाइक सवार पर पड़ी। संकट की इस घड़ी में कार सवार परिवार ने मूकदर्शक बने रहने की बजाय मोर्चा संभालने का फैसला किया। उन्होंने तुरंत अपनी कार रोकी और अपनी जान की परवाह न करते हुए तेज बहाव के बीच मदद के लिए आगे आए। इस दौरान कार में सवार महिलाओं ने गजब की सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत अपने दुपट्टों को एक साथ जोड़कर एक लंबी रस्सी बनाई और उसे तेज बहाव में फंसे बाइक सवार की तरफ फैंका। बाइक सवार ने उस दुपट्टे को मजबूती से पकड़ लिया, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसे सुरक्षित खींचकर पानी के तेज बहाव से बाहर निकाल लिया।
वायरल हो रहा बहादुरी का वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो कार में सवार एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनैट पर खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इस कार सवार परिवार, विशेषकर महिलाओं की सूझबूझ और हिम्मत की जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर यह परिवार सही समय पर देवदूत बनकर नहीं पहुंचता और महिलाएं अपने दुपट्टे नहीं जोड़तीं, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।












