रविवार को नाहन शहर में  18वी. रथ यात्रा पर नगर भ्रमण के लिए निकले भगवान श्री जगन्नाथ जी

रविवार को नाहन शहर में  18वी. रथ यात्रा पर नगर भ्रमण के लिए निकले भगवान श्री जगन्नाथ जी

 

विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल व डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती व रस्सी खींचकर किया यात्रा का शुभारंभ

उत्तर भारत के हजारों श्रद्धालुओं ने श्री जगन्नाथ यात्रा में लिया हिस्सा

राजन पुंडीर, जागरण

नाहन  : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में रविवार को उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में 18वी. रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।  रविवार सुबह 8:30 बजे बड़ा चौक स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से यात्रा पालकियों के साथ शुरू हुई। सबसे पहले श्री बलराम जी की पालकी चल रही थी, उसके बाद श्री सुभद्रा जी तथा सबसे अंत में श्री जगन्नाथ जी की पालकी थी। हिंदू आश्रम, दिल्ली गेट व नया बाजार होते हुए शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान पहुंची। यहां से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व बलराम जी तीनों रथ पर आरूढ़ हुए। रथ पर विराजमान होते ही नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल,

डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा व  रथयात्रा मंडल समिति के अध्यक्ष प्रकाश बंसल के साथ पूजा अर्चना व भगवान की आरती कर के रथ की रस्सी खींच कर यात्रा का शुभारंभ किया। चौगान मैदान में जिला सिरमौर के सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े थे।  रथ यात्रा चौगान मैदान से होकर माल रोड, गुन्नूघाट, पक्का टैंक, रानीताल, कच्चा टैंक होते हुए श्री रघुनाथ मंदिर पहुंची। जहां पर यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। उसके बाद रथ को वह छोड़कर दोबारा से यात्रा पालकी में होगी। पालकी में यात्रा बस स्टैंड की घाटी, छोटा चौक होते हुए वापिस बड़ा चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। जहां पर विधि विधान से यात्रा का समापन होगा। गत वर्षो की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में धार्मिक सोहार्द देखने को मिला। रथ यात्रा का विभिन्न स्थानों पर जिला सिरमौर के हिंदू, मुस्लिम व सिख सभी धर्मों के लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया। जिला सिरमौर में धार्मिक सौहार्द रियासत काल से चला आ रहा है। हिंदू, मुस्लिम व सिख यहां सभी के त्योहारों में शामिल होते हैं व उनको त्योहारों की बधाइयां देते हैं।

बॉक्स :  2009 से हो रहा नाहन में विशाल रथ यात्रा का आयोजन

उत्तर भारत के सबसे प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में रियासत काल से ही शोभा यात्रा का आयोजन किया जाता था। मगर पहले यह आयोजन छोटा होता था। वर्ष 2009 से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल समिति द्वारा इस का विशाल आयोजन किया जा रहा है। रविवार को 18वी. विशाल रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।  इस रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

बॉक्स : शहर में कई जगह हुआ भंडारों का आयोजन

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए नाहन शहर में कई जगहों पर भंडारों का आयोजन किया गया। प्रत्येक दुकानदार ने अपनी दुकान के बाहर हलवा, खीर, मिठाई, शरबत, कढ़ी, राजमाह, चावल व छोले सहित कई तरह के पकवान यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं को वितरित किए। हजारों श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर पानी, शरबत, मीठी लस्सी व जलजीरा आदि की व्यवस्था स्थानीय व्यापारियों व दुकानदारों ने की हुई थी। कुछ स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी भंडारे का आयोजन किया गया था।

बॉक्स  : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लिया भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में भाग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल व सांसद सुरेश कश्यप ने रविवार को नाहन शहर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में भाग लिया। इस पावन अवसर पर राजीव बिंदल ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी नाहन शहर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से निकाली गई।

डॉ. बिंदल ने इस रथ यात्रा में शामिल होने को अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया और कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से इस तरह के पवित्र आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!