ADVERTISEMENT

शिमला जिले में फ्लैश फ्लड आने से पावर प्रोजेक्ट को भारी नुकसान, बिजली उत्पादन हुआ ठप

Khabron wala 

मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सुरू-कूट खड्ड में अचानक आए फ्लैश फ्लड ने कूट स्थित 24.81 मेगावाट कुंदन ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट को भारी नुकसान पहुंचाया है. खड्ड में अचानक आए तेज बाढ़ के बहाव ने परियोजना की महत्वपूर्ण संरचनाओं को अपनी चपेट में ले लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परियोजना की इंटेक और वाटर पाइपलाइन को भारी नुकसान पहुंचा है.

परियोजना प्रबंधन के अनुसार तेज बहाव और भूस्खलन के कारण वाटर पाइपलाइन करीब 300 मीटर तक खिसक गई, जबकि वाटर कनेक्टर भी खड्ड में आई बाढ़ के तेज बहाव में बह गया. परियोजना की इंटेक को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इसके कारण परियोजना का पूरा सिस्टम बंद हो गया है और बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है.

परियोजना को करोड़ों का नुकसान

परियोजना के महाप्रबंधक विनोद ने बताया कि ‘फ्लैश फ्लड के कारण परियोजना को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है. नुकसान का वास्तविक आकलन मौके पर निरीक्षण के बाद ही पता चल पाएगा. बिजली उत्पादन बंद होने के कारण प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है. घटना के दौरान सबसे बड़ी राहत यह रही कि किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई. परियोजना में कार्यरत कामगारों को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समय रहते सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था. इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.’

उधर, खड्ड में आए उफान का असर सुरू गांव की संपर्क व्यवस्था पर भी पड़ा है. गांव के समीप लोगों की आवाजाही के लिए बनाया गया फुटब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुल और अन्य प्रभावित स्थानों का जल्द निरीक्षण करवाकर बहाली कार्य शुरू करने की मांग की है.

एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि ‘प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया है. टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा ले रही है. विस्तृत आकलन के बाद ही कुल नुकसान का अनुमान स्पष्ट हो सकेगा.’

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *