ADVERTISEMENT

Shimla: फर्जी आधार कार्ड से लिया ठेका, ₹7.39 लाख का बिजली का सामान लेकर ठेकेदार फरार

Khabron wala 

शिमला जिला के कुमारसैन उपमंडल के तहत सैंज पुलिस चौकी में धोखाधड़ी और गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक ठेकेदार द्वारा फर्जी दस्तावेजों के जरिए काम लेने और लाखों रुपए का बिजली का सामान लेकर चंपत होने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कृष्णा मिश्रा मूल निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जो वर्तमान में भद्राश (कुमारसैन) स्थित होलिस्टिक टैक्नो इंजीनियर्ज प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत है, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शिव ट्रेडर्ज के प्रोपराइटर अभिषेक पाण्डेय ने उनकी कंपनी से संपर्क किया था। आरोप है कि अभिषेक ने एक फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर कंपनी से बिजली के पोल और तारें लगाने का ठेका हासिल कर लिया।

काम मिलने के बाद आरोपी अभिषेक पाण्डेय कंपनी और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का भारी मात्रा में सामान लेकर चला गया। इस सामान में रैविट कंडक्टर, केबल कंडक्टर और करीब 1972 मीटर डिस्मैंटल कंडक्टर शामिल था। पुलिस के अनुसार इस पूरे सामान की कुल कीमत 7,39,215 रुपए आंकी गई है। शिकायतकर्त्ता का कहना है कि सामान ले जाने के बाद आरोपी ने न तो काम किया और न ही सामान वापस लौटाया। अब उसने कंपनी के अधिकारियों का फोन उठाना भी बंद कर दिया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिव ट्रेडर्ज के प्रोपराइटर अभिषेक पाण्डेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गहनता से जांच सैंज पुलिस चौकी द्वारा की जा रही है। पुलिस आरोपी के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *