Khabron wala
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को बचाने और राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने के एक मामले में झंडूता पुलिस ने तत्कालीन तहसीलदार समेत 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमआईसी) झंडूता की अदालत के आदेशों के बाद की गई है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस मामले में झंडूता के गांव खेड़ी निवासी तीन लोगों के अलावा वर्ष 2016-17 के तत्कालीन तहसीलदार, तत्कालीन रिकॉर्ड कीपर और वर्ष 2021 में जेजवीं पटवार हलके में तैनात पटवारी को आरोपी बनाया गया है।
शिकायतकर्ता धनी राम निवासी गांव खेड़ी के अनुसार उनके दिवंगत भाई ने 9 सितम्बर 2008 को बिलासपुर के उपायुक्त को शिकायत दी थी। इसमें आरोप था कि गांव खेड़ी में खसरा नंबर 146/98 की करीब 1 बीघा 10 बिस्वा सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा किया है। शिकायत पर पटवारी और कानूनगो ने मौके पर जाकर जांच की और अतिक्रमण को चिह्नित किया। इसके बाद आरोपियों को बेदखल करने के लिए मिसल (फाइल) नंबर 31/13 तैयार कर कार्रवाई शुरू की गई।
मिलीभगत से गायब की गई मूल फाइल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति जेजवीं पटवार हलके का लंबरदार भी है। उसने तत्कालीन तहसीलदार और रिकॉर्ड कीपर के साथ कथित मिलीभगत करके तहसील कार्यालय से मूल फाइल (मिसल 31/13) ही गायब या नष्ट करवा दी। जब भी शिकायतकर्ता जानकारी लेने जाता, उसे फाइल न मिलने का बहाना बनाकर टरका दिया जाता।
नई फाइल में अतिक्रमण का दायरा घटाया
थक-हारकर शिकायतकर्ता ने 2019 में दोबारा उपायुक्त के समक्ष मामला उठाया। आरोप है कि इसके बाद 13 अगस्त 2021 को तत्कालीन पटवारी की मदद से एक नई मिसल (नंबर 19/21) तैयार की गई। इसमें आरोपियों को फायदा पहुंचाने के लिए 1 बीघा 10 बिस्वा के अतिक्रमण को घटाकर केवल 10 बिस्वा दर्शा दिया गया, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि मौके पर अवैध कब्जा 2 बीघा से अधिक है। अधिकारियों और पुलिस के पास शिकायत के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो धनी राम ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। इस पर 31 अगस्त को झंडूता कोर्ट ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एक पूर्व तहसीलदार और पटवारी पर मामला दर्ज होने से पूरे जिले के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है












